कुरआन की कयामत तक हिफाजत करेंगे अल्लाह
कस्बा के मदरसतुल इस्लाह मदरसा में रविवार की रात हिफ्ज कुरआन प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण कार्यक्रम हुआ। इस दौरान मौलानाओं ने दीनी व दुनियावी तालीम पर विस्तार से चर्चा किये। साथ ही देश व दुनिया में अमनो अमान के लिए दुआएं मांगी।
मदरसतुल इस्लाह मदरसा में नौ बच्चों का कुरआन हिफ्ज मुकम्मल होने पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ। अध्यक्षता करते हुए मदरसा मुफ्ती सैफुल इस्लाम ने कहाकि कुरआन मजीद पूरी इंसानियत के लिए सरचश्मा हिदायत है। अल्लाह ने इसे नाजिल करने के साथ कयामत तक इसकी हिफाजत की जिम्मेदारी भी खुद ले रखी है। हिफ्ज करने वालों में मुख्य रूप से उर्वा ईसा सोनवारा, ताहिर, शहनवाज, हाशिम रहे। प्रतियोगिता प्रदर्शनी में 100, निबंध में 134, तकरीर में 60, बैदबाजी में 50 बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रदर्शनी में उमर, निबंध में अब्दुलाह, तकरीर में आकिल व बैदबाजी में गालिब टीम ने बाजी मारी। विजेता बच्चों को ट्राफी, मेडल व दीनी किताब देकर सम्मानित किया गया। प्रबंधक डॉ फखरुल इस्लाम ने कहाकि बच्चों को इनाम इसलिए दिया जाता है कि उनके हौसले बुलंद हों। जिनको इनाम नहीं मिला है वह मेहनत करें और अपनी कमी को दूर करें। अंत में देश व दुनिया में अमनो अमान के लिए दुआएं मांगी गयी। संचालन मौलाना उमर नदवी ने किया। इस मौके पर मौलाना उमर असलम इस्लाही, अबुल फैज इस्लाही, मौ.अबुल लैस इस्लाही, मौ.इलियास इस्लाही, डॉ सिकंदर इस्लाही, डॉ अतहर इस्लाही आदि मौजूद रहे।